खासमहल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय, 100 बेड वाला फेब्रिकेटेड अस्पताल और सिकल सेल लैब शुरू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खासमहल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय, 100 बेड वाला फेब्रिकेटेड अस्पताल और सिकल सेल लैब शुरू

जमशेदपुर, 03 दिसंबर : जमशेदपुर के स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूती देने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया, जब सदर अस्पताल खासमहल में 100 बेड क्षमता वाला आधुनिक फेब्रिकेटेड अस्पताल एवं सिकल सेल एनीमिया लैब आमजन को समर्पित किया गया। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विधिवत उद्घाटन किया।

नए अस्पताल ब्लॉक को अत्याधुनिक सुविधाओं और शीघ्र निर्माण तकनीक से तैयार किया गया है, जिससे आपात एवं नियमित स्वास्थ्य सेवाओं में त्वरित विस्तार संभव हो सकेगा। वहीं, टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से स्थापित सिकल सेल लैब को कोल्हान का पहला सरकारी परीक्षण केंद्र माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के हजारों मरीजों को समयबद्ध जांच की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार, जमशेदपुर पूर्व के विधायक पूर्णिमा दास साहू और घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन, उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल एवं टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि जिला अस्पतालों को इतना सक्षम बनाया जा रहा है कि अनावश्यक रेफरल की आवश्यकता न्यूनतम हो जाएगी। उन्होंने इसे “स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती की दिशा में बड़ा सुधारात्मक कदम” बताया।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत 13.9 लाख से अधिक आभा कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि अस्पतालों में ई-हॉस्पिटल, स्कैन एंड शेयर तथा डिजिटल पर्ची सेवाओं के माध्यम से पेपरलेस स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा रहे हैं।

सिकल सेल अभियान में अब तक 81,650 लोगों की जांच की गई है और 26 मरीजों को उपचार उपलब्ध कराया गया है। वहीं, सदर अस्पताल के यूसीयू, डायलिसिस यूनिट और एसएनसीयू में सैकड़ों मरीजों को विशेष चिकित्सा उपलब्ध कराई गई है।

Share This Article