राजद–कांग्रेस से नाता तोड़े झामुमो, तभी झारखंड का विकास संभव : आजसू

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

राजद–कांग्रेस से नाता तोड़े झामुमो, तभी झारखंड का विकास संभव : आजसू

रांची, 03 दिसंबर : आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष एवं झारखंड आंदोलनकारी प्रवीण प्रभाकर ने कहा है कि बिहार चुनाव के दौरान राजद–कांग्रेस द्वारा झामुमो का अपमान किया गया था, ऐसे में यदि झामुमो में आत्मसम्मान है तो उसे तत्काल इन दोनों दलों से संबंध तोड़ लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस का चरित्र हमेशा से झारखंड विरोधी रहा है, इसलिए झामुमो जितनी जल्दी गठबंधन से बाहर आएगा, राज्य के हित में उतना ही बेहतर होगा।

मेदिनीनगर सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान श्री प्रभाकर ने कहा कि झामुमो जब तक राजद–कांग्रेस के साथ बना रहेगा, तब तक झारखंड के विकास की कोई दिशा तय नहीं हो सकती। हेमंत सरकार में न तो विकास का कोई रोडमैप है और न ही वित्तीय अनुशासन। पोस्ट–मैट्रिक छात्रवृत्ति दो वर्षों से लंबित है, जिसको लेकर आजसू ने राजभवन घेराव भी किया था। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है और बेरोजगारी भत्ता भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।

कानून व्यवस्था पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं, हत्याओं की घटनाएँ लगातार सामने आ रही हैं और पूर्व डीजीपी पर भी गंभीर आरोप लगे हैं, जो शासन की नाकामी दर्शाते हैं।

मंडल डैम परियोजना पर उन्होंने कहा कि इसके पूर्ण हुए बिना पलामू प्रमंडल के जल संकट और भू-जल स्तर में सुधार संभव नहीं है। यह परियोजना पूरी होने से पेयजल संकट दूर होगा, पर्यावरण संतुलन बढ़ेगा और पर्यटन व रोजगार की संभावनाएँ विकसित होंगी।

प्रेस वार्ता में केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, केंद्रीय सचिव विकेश शुक्ला, विजय मेहता, बबलू गुप्ता, चंद्रशेखर सिंह छोटू, जिला कार्यकारी अध्यक्ष तुलसी शुक्ला और सतीश तिवारी उपस्थित थे।

Share This Article