अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

ईचागढ़, 03 दिसंबर : ईचागढ़ प्रखंड के गाड़ाडीह गांव में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सरायकेला के सचिव तौसीफ मेराज के निर्देशानुसार विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में दिव्यांगजनों के अधिकार, समानता और सशक्तिकरण पर विशेष रूप से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य समाज में समावेशिता को बढ़ावा देना और किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करना है। यह दिन दिव्यांग व्यक्तियों की क्षमताओं, सपनों और उनकी सामाजिक भागीदारी को सम्मान देने का संदेश देता है।
अधिकार मित्र कार्तिक गोप ने प्रतिभागियों को विभिन्न कानूनी अधिकारों, योजनाओं तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील बने और उन्हें समान अवसर प्रदान करने में सहयोग करे।
शिविर में अधिकार मित्र तुष्ट रानी मंडल, इशिता उरांव समेत अनेक ग्रामीण उपस्थित थे।



