कुणाल षाड़ंगी के ट्वीट का कमाल : सीएम हेमंत सोरेन की त्वरित पहल से मॉरीशस में मृत प्रवासी का पार्थिव शरीर लाने की प्रक्रिया तेज

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कुणाल षाड़ंगी के ट्वीट का कमाल : सीएम हेमंत सोरेन की त्वरित पहल से मॉरीशस में मृत प्रवासी का पार्थिव शरीर लाने की प्रक्रिया तेज

जमशेदपुर, 01 दिसंबर : झारखंड के प्रवासी श्रमिक के एक दर्दनाक मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई का निर्देश दिया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी द्वारा सोशल मीडिया पर उठाए गए मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को आवश्यक कदम उठाने का आदेश दिया।

कुणाल षाडंगी ने अपने ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी थी कि बहरागोड़ा के निवासी मो. शमीम अहमद मॉरीशस स्थित JK Ramke Co. Limited में कार्यरत थे। कार्य के दौरान हुए एक हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और वे Medi Six Clinic Limited में भर्ती थे। इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई, जिसकी सूचना परिजनों तक पहुँचते ही घर में मातम पसर गया। परिजनों ने सरकार से पार्थिव शरीर भारत लाने की गुहार लगाई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को निर्देश दिया कि वे सभी औपचारिकताएँ पूरी कराते हुए मृतक का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द भारत लाने की प्रक्रिया को गति दें। साथ ही, परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने को भी कहा गया है।

सरकार की इस तत्परता और संवेदनशीलता से परिजनों को उम्मीद जगी है कि जल्द ही पार्थिव शरीर भारत लाया जा सकेगा। स्थानीय लोगों ने भी मुख्यमंत्री की त्वरित पहल की सराहना की है।

Share This Article