जमशेदपुर : कालीमाटी रोड में चला जेएनएसी का डंडा, अवैध अतिक्रमण पर कार्रवाई

जमशेदपुर, 29 नवंबर : न्यू कालीमाटी रोड, साकची में जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) की प्रवर्तन टीम ने व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार के निर्देश पर संचालित किया गया।
कार्रवाई के दौरान फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों पर खड़े किए गए अवैध ठेला–खोखा, अस्थायी शेड, दुकान के बढ़े हुए हिस्से और बाहर तक फैलाई गई डिस्प्ले सामग्री को हटाया गया। टीम ने कई दुकानदारों को चेतावनी देते हुए निर्धारित सीमा से बाहर किए गए विस्तार को तुरंत हटाने का निर्देश दिया।
अभियान के दौरान टीम ने बिल्डिंग प्लान उल्लंघन की भी जांच की। नियमानुसार विचलन पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों को नोटिस जारी किया गया। वहीं, नगरपालिका नियमों का पालन न करने और आवागमन में बाधा उत्पन्न करने पर मौके पर ही जुर्माना वसूला गया।
उप नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण–मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



