आदित्यपुर में चेन छिनतई कांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन व बाइक बरामद

आदित्यपुर, 28 नवंबर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में 9 नवंबर को हुई चेन छिनतई की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त काले रंग की मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH05BH-5895) बरामद कर ली है।
घटना 09 नवंबर 2025 की है, जब वादिनी जमशेदपुर से आदित्यपुर आ रही थी। नया पुल पार करने के बाद बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने उसके गले से चेन छीन ली। इस संबंध में वादिनी के लिखित आवेदन पर आदित्यपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था।
कांड की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला खरसावां जिला के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। लगातार छापामारी के बाद पुलिस ने पूर्वी सिंहभूम जिले के आजाद नगर थाना क्षेत्र के ग्रीन वैली रोड नंबर 17 के रहने वाले अभियुक्त इस्माईल आलम उर्फ चोच को गिरफ्तार किया।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने छिनतई की गई सोने की चेन और प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। छापामारी दल में थाना प्रभारी बिनोद तिर्की के अलावा पुअनि कौशल कुमार, पुअनि बिनोद टुडू, टाइगर मोबाइल के जवान नितिश कुमार पांडेय व दीपक कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



