स्कूली बच्चों से भरी बस का चालक हुआ बेहोश, बड़ा हादसा टला, पढ़ें पूरी खबर

रांची, 27 नवंबर : रातू रोड पर गुरुवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब स्कूली बच्चों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। बस को चला रहे ड्राइवर की अचानक तबीयत बिगड़ने और बेहोश हो जाने से कुछ ही क्षणों में पूरा दृश्य अफरातफरी में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक तेज रफ्तार में एक ओर मुड़ने लगी। सड़क पर चल रहे लोग इससे पहले कि स्थिति समझ पाते, कई दुपहिया वाहन बस की चपेट में आ गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि हादसा गंभीर दिखा, लेकिन सौभाग्य से किसी स्कूली बच्चे या राहगीर को चोट नहीं आई।
बस की गति तभी थमी जब वह एक बिजली के पोल से जोरदार टक्कर खाकर रुक गई। हादसे के समय बस के अंदर मौजूद बच्चों में भय का माहौल था, लेकिन स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए आगे आए। उन्होंने बेहोश ड्राइवर को बाहर निकालकर अस्पताल भेजवाया।
घटना की जानकारी मिलते ही सुखदेव नगर थाना पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने बस और क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड कराया तथा आगे की कार्रवाई शुरू की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बस थोड़ा और आगे बढ़ जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल ड्राइवर की हालत पर निगरानी रखी जा रही है और मामले की जांच जारी है।



