रामगढ़ के ग्रामीणों का कंपनियों पर सीधा आरोप — “ग्राम सभा को बाईपास कर गांव पर कब्जे की कोशिश!”

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

रामगढ़ के ग्रामीणों का कंपनियों पर सीधा आरोप — “ग्राम सभा को बाईपास कर गांव पर कब्जे की कोशिश!”

चांडिल, 27 नवंबर : प्रखंड की आसनबनी पंचायत के रामगढ़ गांव में इन दिनों माहौल गर्म है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा की अनुमति के बगैर बाहरी कंपनियां गांव की जमीन और संसाधनों पर कब्जा जमाने में जुटी हैं। गांव से सटे मध्य विद्यालय के पास लगभग दो वर्षों से संचालित GLOBAL INDIA फेब्रिकेशन कंपनी और SHRIRAM AUTOMAL INDIA के कार्यों को लेकर पहले से असंतोष था। अब तालाब किनारे एक नई कंपनी की तैयारी ने ग्रामीणों की नाराज़गी को और भड़का दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि कंपनियां गांव के पर्यावरण, बच्चों की सुरक्षा और सार्वजनिक संपत्तियों की बिल्कुल परवाह नहीं कर रही हैं। पीएमजीएसवाई के तहत बनी सरकारी सड़क पर भारी वाहनों का आवागमन बढ़ने से सड़क जर्जर हो रही है, वहीं स्कूल के समीप लगातार गतिविधियों से बच्चों को खतरा पैदा हो गया है। गांव के तालाब और उपजाऊ खेतों को नुकसान पहुंचने की आशंका ने लोगों को और अधिक सतर्क कर दिया है।

समाजसेवी डॉ. सत्य नारायण मुर्मू ने पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि ग्राम सभा को नज़रअंदाज़ कर कोई भी कंपनी गांव में गतिविधि शुरू नहीं कर सकती। “यह न सिर्फ पंचायत व्यवस्था का अपमान है बल्कि ग्रामीण अधिकारों पर सीधी चोट है,” उन्होंने कहा। उनके अनुसार गांव की ज़मीन, तालाब और सड़कों को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को ग्रामीण कदापि स्वीकार नहीं करेंगे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि किसी भी कंपनी ने न सूचना दी, न बैठक बुलाई और न ही ग्राम सभा की स्वीकृति ली। “सब कुछ चोरी-छिपे शुरू किया गया है,” ग्रामीणों ने कहा। इसी वजह से गांव में विरोध तेजी से बढ़ रहा है।

ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक ग्राम सभा की अनुमति नहीं ली जाती और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, किसी भी कंपनी को गांव की सीमा में काम करने नहीं दिया जाएगा। गांव की जमीन, तालाब और रास्तों की रक्षा को लेकर ग्रामीण लामबंद हो चुके हैं और संघर्ष के लिए तैयार हैं।

Share This Article