रांची में क्रिकेट का ज्वर चरम पर, जेएससीए में इंडिया–साउथ अफ्रीका वनडे के लिए टिकट काउंटर बने ‘हॉटस्पॉट’, रातभर लगी भीड़

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची में क्रिकेट का ज्वर चरम पर, जेएससीए में इंडिया–साउथ अफ्रीका वनडे के लिए टिकट काउंटर बने ‘हॉटस्पॉट’, रातभर लगी भीड़

रांची, 25 नवंबर : आगामी 30 नवंबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे से पहले राजधानी में क्रिकेट fever चरम पर है। ऑफलाइन टिकट बिक्री शुरू होते ही स्टेडियम का माहौल मानो मिनी-मेला बन गया।

ऑनलाइन बुकिंग खत्म होने के बाद जैसे ही काउंटर खुले, देर रात से ही फैंस की भीड़ स्टेडियम के बाहर डेरा डालने लगी। सुबह तक हालात यह रहे कि काउंटर के बाहर सर्पिलाकार लंबी कतारें बन चुकी थीं। युवाओं से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक—हर कोई हाथों में टिकट पाने की उम्मीद लिए अपनी बारी का इंतजार करता दिखा।

रांची ही नहीं, बल्कि बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, लोहरदगा, हजारीबाग और खूँटी जैसे जिलों से क्रिकेट प्रेमी टिकट लेने आए। वहीं बिहार, ओडिशा और बंगाल से भी फैंस का आना लगातार जारी है।

कई उत्साही दर्शक तो रातभर कड़क ठंड में खड़े रहे ताकि इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का रोमांच लाइव देखने का मौका हाथ से न निकल जाए। सुबह से दोपहर तक भीड़ लगातार बढ़ती रही और टिकट काउंटर के आसपास माहौल और ज्यादा जीवंत होता गया।

भीड़ संभालने के लिए पुलिस प्रशासन ने मजबूत सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। काउंटर के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं, ताकि टिकट वितरण सुचारू रूप से चल सके।

क्रिकेट प्रेमियों के जोश को देखते हुए यह साफ है कि 30 नवंबर को जेएससीए स्टेडियम एक बार फिर दर्शकों के शोर और रोमांच से गूंजने वाला है।

Share This Article