सेवा का अधिकार सप्ताह की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सेवा का अधिकार सप्ताह की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा

सरायकेला, 24 नवंबर : “आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार” अभियान के तहत सरायकेला–खरसावां जिले में 21 से 29 नवंबर तक “सेवा का अधिकार सप्ताह” आयोजित किया जा रहा है। जिले के सभी पंचायतों और नगर निकायों के वार्डों में लगाए जा रहे शिविरों में आमजन को विभिन्न जन-सुविधाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

सोमवार को जिले के उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने बताया कि अभियान के तीसरे दिन तक जिले में कुल 10,169 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 716 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि शिविरों में बढ़ती जनभागीदारी यह दर्शाती है कि अभियान ग्रामीण स्तर पर सरकारी सेवाओं को सुलभ बनाने में प्रभावी साबित हो रहा है।

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष तौर पर कहा कि वृद्धा, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन, जाति, आय, तथा जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का अधिकतम ऑन-द-स्पॉट निस्तारण किया जाए।

शिविरों में पेयजल, बैठने की व्यवस्था, बिजली, शेड/टेंट, प्राथमिक चिकित्सा, सहायता काउंटर तथा फॉर्म एवं फोटोकॉपी की सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि शिविरों की सूचनाओं का स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिकाधिक पात्र लाभुक योजनाओं का लाभ ले सकें।

उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों व निस्तारण की स्थिति को संबंधित पोर्टलों पर अद्यतन दर्ज करने का भी निर्देश दिया, ताकि अभियान की प्रगति का नियमित अनुश्रवण किया जा सके।

Share This Article