चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

चांडिल, 24 नवंबर : ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के अगुवाई में स्थानीय ग्रामीणों ने सोमवार को चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी को चांडिल-कांड्रा मुख्य मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि घर से निकलते ही लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है। आए दिन दुर्घटनाएं होना आम बात बन गई है।

ग्रामीणों ने बताया कि छह माह पूर्व समाचार पत्र के माध्यम से यह जानकारी मिली थी कि चांडिल-कांड्रा सड़क का टेंडर निकल चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसका खामियाज़ा प्रतिदिन हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

ग्रामीण प्रतिनिधियों ने ज्ञापन में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती है तो सभी ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जवाबदेही संबंधित विभाग और पदाधिकारियों की होगी।

ग्रामीणों ने चांडिल-कांड्रा सड़क की मरम्मत कार्य अविलंब शुरू करने और मरम्मत पूर्ण होने तक प्रतिदिन कम से कम तीन बार सड़क पर पानी का छिड़काव कर धूल प्रदूषण से राहत दिलाने की मांग की हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में आशुदेव महतो, मनोज वर्मा, सुभाष चंद्र तांती, भुजंग मछुआ, राजेश कुमार सहित कई ग्रामीण शामिल थे।

Share This Article