अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई, चुलाई भट्टी ध्वस्त—उत्पाद विभाग की छापामारी में 35 लीटर महुआ शराब जब्त

सरायकेला, 21 नवंबर : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर गुरुवार को गम्हरिया थाना क्षेत्र के ग्राम गांडे डूंगरी में गुरुवार को उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापामारी में अवैध रूप से संचालित एक चुलाई भट्टी को ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान करीब 1000 किलोग्राम जावा को मौके पर ही नष्ट किया गया, जबकि लगभग 35 लीटर तैयार महुआ चुलाई शराब जब्त की गई। विभाग ने इस काले धंधे में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उत्पाद अधीक्षक, सरायकेला ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण एवं इसकी बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार छापामारी अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।
छापामारी दल में अखिलेश कुमार, अवर निरीक्षक, उत्पाद (आदित्यपुर अंचल), सौदागर पंडित, सहायक अवर निरीक्षक, उत्पाद, बरियार हेंब्रम, गृह रक्षक बल, रंजीत कुमार, गृह रक्षक बल एवं अन्य गृह रक्षक बल के जवान शामिल थे।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध कारोबार पर नकेल कसने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।



