कांड्रा में ‘विदेशी ब्रांड’ की आड़ में चल रहा था बड़ा फर्जी शराब कारोबार, पुलिस की रेड में करोड़ों का भंडाफोड़

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कांड्रा में ‘विदेशी ब्रांड’ की आड़ में चल रहा था बड़ा फर्जी शराब कारोबार, पुलिस की रेड में करोड़ों का भंडाफोड़

सरायकेला, 20 नवंबर : कांड्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हैप्पी लकी ढाबा के पीछे बने एक मकान से भारी मात्रा में कथित विदेशी नकली शराब का जखीरा बरामद किया। गुप्त सूचना पर की गई इस छापेमारी में करीब 10 लाख रुपये से अधिक की कीमत की शराब जब्त की गई है, जो साधारण पेपर कार्टन में छिपाकर रखी गई थी।

सूत्रों के अनुसार, कांड्रा थाना प्रभारी विनोद मुर्मू ने सूचना प्राप्त होते ही तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और संदिग्ध घर पर अचानक धावा बोल दिया। टीम के पहुंचते ही पुलिस को कई बंद पेटियां मिलीं, जिनके भीतर यूके ब्रांड नाम के लेबल लगी बोतलें भरी थीं। पहली नजर में बोतलें महंगी विदेशी शराब जैसी दिख रही थीं, परंतु उनकी पैकिंग और तरीके से साफ संकेत मिलता है कि पूरा कारोबार नकली विदेशी ब्रांड के नाम पर चलाया जा रहा था।

पुलिस ने मौके से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह नेटवर्क कहां से संचालित हो रहा था और इसकी सप्लाई चेन कितनी व्यापक थी। छापामारी स्थल से तीन वाहन—इनोवा, स्कॉर्पियो और इंडिगो—भी जब्त किए गए हैं। इन वाहनों का उपयोग शराब की ढुलाई और तस्करी में किया जा रहा था, ऐसी आशंका जताई गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और रात के समय बाहरी क्षेत्रों में माल की सप्लाई करता था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नकली शराब किन स्रोतों से लाई जाती थी, इसके पीछे कौन लोग फंडिंग कर रहे थे और इसे किन बाजारों में खपाया जाता था।

थाना प्रभारी ने कहा कि पूरे मामले की कई कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और बड़े खुलासों की उम्मीद है। पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब कारोबारियों के लिए बड़ा झटका साबित हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई है।

Share This Article