राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरायकेला-खरसावां पुलिस ने आयोजित किया “रन फॉर यूनिटी”

देश की एकता, अखंडता व सुरक्षा के प्रति संकल्प दोहराया
सरायकेला, 31 अक्टूबर : राष्ट्रीय एकता दिवस के शुभ अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यह कार्यक्रम जिला पुलिस केंद्र सरायकेला सहित सभी थाना एवं ओपी स्तर पर एक साथ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों, जवानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता एवं आंतरिक सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाना तथा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को स्मरण करना था।

“रन फॉर यूनिटी” के दौरान प्रतिभागियों ने एकता, सद्भाव और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह दौड़ केवल खेल नहीं, बल्कि राष्ट्र की मजबूती और सामाजिक एकजुटता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई गई और जिले में शांति, सौहार्द एवं भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।



