घाटशिला उपचुनाव को लेकर कल आजसू की अहम बैठक चांडिल में, सुदेश महतो करेंगे समीक्षा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

घाटशिला उपचुनाव को लेकर कल आजसू की अहम बैठक चांडिल में, सुदेश महतो करेंगे समीक्षा

चांडिल, 39 अक्टूबर: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर आजसू पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक कल गुरुवार को चांडिल के चिलगु स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई है। बैठक में पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो स्वयं उपस्थित रहेंगे और उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा के साथ-साथ आगे की रणनीति तय करेंगे।

पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि इस बैठक में कोल्हान क्षेत्र के तीनों जिलों — पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां — के प्रमुख पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है। बैठक में केंद्रीय नेतृत्व भी मौजूद रहेगा।

प्रभाकर ने कहा कि आजसू पार्टी के कार्यकर्ता एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय हैं। घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में बूथ सम्मेलन का आयोजन पहले ही हो चुका है, जिसमें सभी बूथ स्तर के प्रमुख कार्यकर्ताओं ने भाग लिया था।

इसके अलावा हाल ही में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू ने भी चांडिल स्थित आजसू कार्यालय में पार्टी नेताओं के साथ मुलाकात कर उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा की थी।

इस बैठक में उपचुनाव के मद्देनज़र संयुक्त अभियान, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर विशेष रूप से चर्चा होने की संभावना है।

Share This Article