ईचागढ़ में अवैध बालू खनन पर जिला प्रशासन की सख्ती — खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में औचक छापेमारी, निगरानी व्यवस्था और सुदृढ़

सरायकेला/ईचागढ़ 11 अक्टूबर: जिले में अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में ईचागढ़ थाना क्षेत्र में औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना प्रभारी (ईचागढ़) और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में बालू लदे वाहनों को रोककर उनके परिवहन संबंधी कागजातों और खनिज की मात्रा की जांच की गई। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि किसी भी वाहन द्वारा बिना वैध परिवहन प्रपत्र के बालू का आवागमन न हो।
जिला खनन पदाधिकारी ने ईचागढ़ एवं तिरुलडीह थाना क्षेत्रों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों और चेकनाका स्थलों का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि निगरानी को और प्रभावी बनाने के लिए हाई-रिज़ॉल्यूशन और नाइट विज़न कैमरे लगाने पर अनुमंडल पदाधिकारी (चांडिल) के साथ चर्चा की गई है। दो नए स्थलों की पहचान अतिरिक्त कैमरा स्थापना हेतु की गई है।
इसके अलावा, छापामारी दल ने ईचागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न बालू घाटों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किसी भी व्यक्ति या वाहन को अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त नहीं पाया गया।
अवैध खनन से जुड़ी शिकायतों के आलोक में बालू घाटों की ओर जाने वाले मार्गों तथा झारखंड राज्य खनिज विकास निगम (JSMDC) द्वारा पूर्व में संचालित भंडारण स्थलों तक जाने वाले रास्तों पर ट्रेंच निर्माण कर नियंत्रण उपाय अपनाए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं परिवहन में लिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



