घर में घुसकर मारपीट, महिला से दुर्व्यवहार और लूट का आरोप
रांची, 20 मई : राजधानी के रातू थाना क्षेत्र के आनंद नगर झीरी कमड़े इलाके में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ युवकों पर एक घर में घुसकर मारपीट, महिला से दुर्व्यवहार और लूटपाट करने का आरोप लगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता निशा देवी के अनुसार, घर के समीप एक निर्माणाधीन मकान में कुछ युवक देर रात नशा कर रहे थे। इसी दौरान उनके पति ने टॉर्च जलाकर वहां देखा, जिसके बाद युवक नाराज हो गए। आरोप है कि कुछ देर बाद मंजर, राजा, ऋषि समेत 5 से 10 युवक उनके घर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुस गए।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने घर में मौजूद लोगों के साथ जमकर मारपीट की। इसी दौरान कुछ युवक महिला को जबरन कमरे के अंदर ले गए और उसके साथ गलत हरकत की। विरोध करने पर महिला के साथ भी मारपीट की गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि हमलावर घर से सोने की नथ, कान की बाली, गले के जेवर और करीब 40 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार के लोग सहमे हुए हैं।
मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।