शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एआईडीएसओ का 19 को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन

Manbhum Updates
2 Min Read

शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एआईडीएसओ का 19 को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन


चांडिल, 14 सितंबर : झारखंड में बंद किए गए सभी सरकारी स्कूलों को पुनः प्रारंभ करने, सभी स्तरों पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की नियुक्ति करने, पूर्व की भांति महाविद्यालयों में इंटर स्तर की पढ़ाई जारी रखने समेत अन्य मांगों के समर्थन में एआईडीएसओ मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन करेगा।

एक लाख हस्ताक्षरों के साथ 19 सितंबर को मुख्यमंत्री के समक्ष किए जाने वाले प्रदर्शन में सभी विश्वविद्यालयों में सत्र अनियमितता की समस्या का समाधान करने, झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) तथा झारखंड शिक्षण पात्रता परीक्षा (JTET) का आयोजन शीघ्र करने, छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करने, राज्य बजट का 30 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च करने, शिक्षा को संकुचित करने वाली नई शिक्षा नीति 2020 को रद्द करने और सभी स्तर पर नियमित एवं समय पर छात्रवृत्ति का भुगतान करने की मांग किया जाएगा।

ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन की ओर से 19 सितंबर को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार किया जा रहा है। सरायकेला-खरसावां जिला की ओर से चांडिल स्टेशन के समीप पितकी रेलवे फाटक में प्रचार प्रसार किया गया।

इस दौरान बताया गया कि 19 सितंबर प्रदेश में शिक्षा की बदहाल स्थिति को सुधार की मांग को लेकर छात्रों का एक लाख हस्ताक्षर के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान जिला अध्यक्ष विशेश्वर महतो, सचिव प्रभात कुमार महतो, कार्यालय सचिव युधिष्ठिर प्रमाणिक, लख्खी कांत पातर, राजा प्रमाणिक, प्रकाश, फागुन आदि उपस्थित थे।

Share This Article