पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह का स्वागत, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी से गूंजा कांग्रेस कार्यालय

Manbhum Updates
2 Min Read

पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने किया नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह का स्वागत, ढोल-नगाड़े और आतिशबाजी से गूंजा कांग्रेस कार्यालय

जमशेदपुर, 07 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह का मंगलवार को जमशेदपुर के कदमा स्थित पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के आवासीय कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और आतिशबाजी कर परविंदर सिंह का अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता उपस्थित थे। उन्होंने परविंदर सिंह को फूलों का गुलदस्ता और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान परविंदर सिंह ने भी उन्हें आशीर्वाद प्राप्त किया।

अपने संबोधन में बन्ना गुप्ता ने कहा कि “कांग्रेस पार्टी ने छात्र जीवन से समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी देकर सही निर्णय लिया है। मुझे विश्वास है कि परविंदर सिंह अपने नए दायित्व का कुशलता पूर्वक निर्वहन करेंगे। जहाँ भी आवश्यकता होगी, मैं अभिभावक की भूमिका निभाने के लिए सदैव तैयार रहूँगा।”

इसके बाद कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्षों, थाना अध्यक्षों और महिला कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को माला पहनाकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में परविंदर सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आप सभी के आशीर्वाद और सहयोग से ही संगठन मजबूत होगा। उम्मीद है कि सभी कार्यकर्ता इसी एकजुटता के साथ कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करते रहेंगे।”

इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की उपस्थिति रही, जिनमें पार्टी पदाधिकारी, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और महिला इकाई की सदस्याएँ शामिल थीं। पूरा माहौल उत्साह, उल्लास और एकजुटता के रंग में रंगा दिखाई दिया।

Share This Article