नीमडीह सीएचसी में रिश्वत और HIV रिपोर्ट को लेकर शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग
चांडिल, 30 सितंबर : नीमडीह प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े एक मामले को लेकर गांव गणराज्य लोक समिति (कोल्हान) की ओर से बुधवार को चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी के कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। संगठन ने एलटी (लैब तकनीशियन) सुनील कुमार राम पर कथित रूप से जबरन पैसे लेने और एक महिला की रिपोर्ट में HIV पॉजिटिव होने की जानकारी दिए जाने को लेकर निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने आरोपों की सात दिनों के भीतर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही, पीड़ित महिला से कथित तौर पर लिए गए पैसे वापस कराने और जांच पूरी होने तक संबंधित कर्मी को निलंबित करने की मांग रखी गई है।
संगठन ने कहा कि मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए संबंधित अवधि के सीसीटीवी फुटेज की जांच और उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। इसके अलावा ज्ञापन में पूरे मामले की जांच सीबीआई के माध्यम से कराने की मांग भी की गई है, ताकि आरोपों की सच्चाई सामने आ सके और दोषी तथा निर्दोष के बीच स्पष्टता हो।
संगठन ने यह भी मांग की कि भविष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नीमडीह में किसी अन्य व्यक्ति के साथ इस तरह की घटना न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन आवश्यक कदम उठाएं।
बताया गया कि चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी ने ज्ञापन को उपायुक्त के पास अग्रसारित करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को भी सूचनार्थ भेजा है तथा मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान गांव गणराज्य लोक समिति (कोल्हान) के नीमडीह प्रखंड संयोजक बृहस्पति सिंह सरदार, चांडिल प्रखंड सचिव देबूराम मांझी और अनिता सरदार सहित संगठन के सदस्य उपस्थित थे।
हालांकि, HIV से संबंधित आरोप को लेकर अंतिम तथ्य जांच और स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।



