आदित्यपुर में 207 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार – सरायकेला-खरसावाँ पुलिस की बड़ी सफलता, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के तस्कर भी शामिल

Manbhum Updates
2 Min Read

आदित्यपुर में 207 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार – सरायकेला-खरसावाँ पुलिस की बड़ी सफलता, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के तस्कर भी शामिल

सरायकेला, 06 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावाँ पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती से पुलिस ने छापेमारी कर 207.91 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, अवैध हथियार, मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री और संपत्ति मूलक अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

गुप्त सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समीर कुमार सवैया के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की।

गिरफ्तार आरोपी में शाहबाज खान (19 वर्ष) — निवासी एच. रोड, मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावाँ। मो. समीर उर्फ मो. आयान (19 वर्ष) — निवासी दुर्ग पावर हाउस, नंदनी रोड, करुणा अस्पताल के पास, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़ तथा रफीकुल इस्लाम (50 वर्ष) — निवासी ग्राम चांदपुर, थाना लालगोला, जिला मुर्शीदाबाद, पश्चिम बंगाल शामिल है।

इनके पास से 207.91 ग्राम ब्राउन शुगर और Lava कंपनी का एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपी शाहबाज खान पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया, थाना प्रभारी विनोद तिर्की, एएसआई विनोद टुडू, सुरेश राम, रामरेखा पासवान, कौशल कुमार, सुषमा कुजूर, शमा सुसारी लकड़ा सहित आदित्यपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
सरायकेला-खरसावाँ पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article