दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न

सरायकेला/आदित्यपुर, 25 सितंबर : आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से आज आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत सहित जिले के वरीय पदाधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।
बैठक में विभिन्न प्रखंडों और नगर क्षेत्रों से आए समिति सदस्यों ने अपने-अपने इलाकों की स्थिति की जानकारी दी। सर्वसम्मति से यह बताया गया कि जिले में विभिन्न समुदायों के सहयोग से त्यौहार हर वर्ष हर्षोल्लास एवं भाईचारे के साथ मनाया जाता है।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें और ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे माहौल बिगड़े अथवा जिला प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़े। वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत ने सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सभी प्रमुख पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष बल की तैनाती की जाएगी। समिति सदस्यों को निर्देश दिया गया कि वे अपने स्वयंसेवकों को नियुक्त पुलिस पदाधिकारियों के साथ टैग करें और समन्वयपूर्ण तरीके से कार्य करें।
बैठक में कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए
सभी पूजा पंडाल केवल पूर्व-निर्धारित स्थलों पर ही स्थापित किए जाएँ। महिला एवं पुरुष आगंतुकों हेतु अलग प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था सुनिश्चित हो। सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा तथा वॉलिंटियर्स को आई-कार्ड व समान वेशभूषा प्रदान की जाएगी।
वहीं, सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अमर्यादित सामग्री के प्रसार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नगर निकायों को साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, कूड़ेदान और पार्किंग स्थल चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।
विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति व स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को पूजा पंडालों व विसर्जन स्थलों पर प्राथमिक उपचार की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।विसर्जन घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और उपयोगी वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अग्निशमन विभाग को आकस्मिक घटनाओं से निपटने हेतु सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। यातायात व्यवस्था को बनाए रखने हेतु बड़े वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण रहेगा और विसर्जन निर्धारित समयावधि में सम्पन्न होगा।
इस अवसर पर यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष आदित्यपुर क्षेत्र के कई पूजा पंडालों की मूर्तियों का विसर्जन जयप्रकाश उद्यान घाट पर किया जाएगा। अब समिति को विसर्जन हेतु जमशेदपुर जिला जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं स्वच्छता प्रबंधन को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी, कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पूजा पंडाल समिति के सदस्य उपस्थित थे।



