झारखंड में सहारा इंडिया कार्यालय बंद, निवेशकों की बढ़ी चिंता – एजेंटों ने डीसी से लगाई गुहार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

झारखंड में सहारा इंडिया कार्यालय बंद, निवेशकों की बढ़ी चिंता – एजेंटों ने डीसी से लगाई गुहार

सरायकेला, 25 सितंबर : झारखंड में पिछले नौ महीनों से बंद पड़े सहारा इंडिया के कार्यालयों को लेकर अब एजेंट और अधिकारी जिला स्तर पर आवाज़ बुलंद करने लगे हैं। बुधवार को सहारा इंडिया परिवार के अधिकारी व एजेंट जिला मुख्यालय पहुंचे और उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह से मुलाकात की।

सहारा के वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार राय ने कहा कि देशभर में सहारा इंडिया के दफ्तर खुले हैं और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार निवेशकों को सीआरसी पोर्टल के माध्यम से भुगतान भी हो रहा है। लेकिन झारखंड में डीजीपी के आदेश से कार्यालय बंद पड़े होने के कारण निवेशकों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इसका सीधा खामियाज़ा राज्य के लाखों निवेशकों को भुगतना पड़ रहा है।

अधिकारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए आग्रह किया कि कार्यालयों को खोलने की दिशा में राज्य सरकार पहल करे। उपायुक्त ने एजेंटों की बातों को गंभीरता से सुना और समस्या के समाधान की दिशा में उचित पहल करने का भरोसा दिलाया।

बता दें कि सहारा इंडिया कार्यालयों को खुलवाने की मांग को लेकर विभिन्न जिलों में एजेंट उपायुक्तों से मिल रहे हैं। गत दिनों जमशेदपुर में भाजपा महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा था।

झारखंड भर में यह मुद्दा लगातार तूल पकड़ रहा है और निवेशकों की नजरें अब सरकार की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Share This Article