

गम्हरिया में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित, देशभक्ति, स्वदेशी और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रहे विषय
गम्हरिया, 27 अक्टूबर : स्वदेशी जागरण मंच, सरायकेला-खरसावां जिला के तत्वावधान में मंगलवार को छोटा गम्हरिया स्थित बहुउद्देशीय सामुदायिक भवन में चित्रकला, प्रश्नोत्तरी एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों सहित कुल 152 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से देशभक्ति, स्वदेशी उत्पादों, पर्यावरण संरक्षण और भारत की उपलब्धियों से जुड़े विषयों पर प्रतिभागियों की प्रतिभा और ज्ञान को परखा गया।
कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिला संयोजक अजीत कुमार सिंह एवं जिला पर्यावरण प्रमुख रश्मि भेंगरा ने की। मुख्य अतिथि गम्हरिया थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथि विभाग संयोजक राजकुमार शाह और सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार उपस्थित रहे। शिक्षाविद् रविकांत भगत ने परीक्षक की भूमिका निभाई।
प्रतियोगिताओं में आदर्श विकास विद्यालय, वाणी विद्या मंदिर, विद्या भारती, विद्या ज्योति स्कूल, राज्य संपोषित उच्च विद्यालय और नव ज्योति विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कक्षा छह से आठ तक की चित्रकला प्रतियोगिता में 48, कक्षा नौ एवं दस की प्रश्नोत्तरी में 32 तथा कक्षा 11 एवं 12 की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 35 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं, मेहंदी प्रतियोगिता में स्थानीय बालिकाओं एवं महिलाओं सहित 37 प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में झारखंड के स्वतंत्रता सेनानी, स्वदेशी बनाम विदेशी उत्पाद, शिक्षा का अधिकार, मेरे सपनों का भारत और बिजली बचाओ जैसे विषयों पर चित्र बनाने का अवसर दिया गया। वहीं, कक्षा नौ एवं दस की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में झारखंड के स्थानीय उत्पादों एवं पर्यटन से रोजगार सृजन, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), मतदान का महत्व, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम्, स्वदेशी उत्पाद और अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत की भूमिका से जुड़े विषय शामिल रहे।
कक्षा 11 एवं 12 के विद्यार्थियों की प्रतियोगिता में झारखंड का आर्थिक परिदृश्य, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), वंदे मातरम् का इतिहास, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग से सुरक्षा एवं स्वावलंबन तथा अंतरराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर जानकारी परखी गई। स्वदेशी के महत्व पर विचार लिखने का विषय भी शामिल था।
आयोजकों के अनुसार, प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 7 नवंबर 2026 को दीपावली की पूर्व संध्या पर आयोजित ‘एक दिया शहीदों के नाम’ कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। अन्य प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अमित सिंह देव, अल्पना कुमारी, पूनम देवी, जितेंद्र सिंह, प्रणव झा, शरदेंदु शेखर, दुलारी झा, अनिमेष कुमार, प्रमोद पांडे, कन्हैया प्रसाद, राजेश झा और राजन साह सहित अन्य सहयोगियों का योगदान रहा।



