हो क्लास “तुरतुगं” के 13 शिक्षकों का सम्मान, सरहुल शोभायात्रा में शामिल होने का आह्वान

जमशेदपुर, 14 मार्च : हो क्लास “तुरतुगं” से जुड़े वर्ष 2023–2024 सत्र के 13 शिक्षकों को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए आदिवासी हो समाज युवा महासभा ने प्रमाण-पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। शनिवार को जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित आदिवासी हो समाज भवन में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिलाध्यक्ष गोमिया सुंडी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में उपस्थित क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रफूल्ल आकांत ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हो भाषा, संस्कृति और परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।
बैठक में आगामी सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। केंद्रीय सरहुल पूजा समिति द्वारा 21 मार्च 2026 को आयोजित सरहुल/बा: शोभायात्रा में समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर इसे भव्य और ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया। इसके अलावा 29 मार्च 2026 को गोलमुरी स्थित हो समाज भवन में दिशुम मागे पोरोब हर्षोल्लास के साथ मनाने की जानकारी दी गई। वहीं 4 अप्रैल 2026 को वीर शहीद गंगाराम कालुंडिया के शहादत दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें 250 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में यह भी बताया गया कि 24 मई 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित जनजाति समागम (डीलिस्टिंग महारैली) में भी समाज के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरा बिरुली, जिला उपाध्यक्ष रवि सवैया, नर सिंह बिरूली, रायसिंह बिरूवा, डिबार पुरती, लालमोहन जमुदा, सरस्वती बिरुवा सावैयां, सुनीता मेलगांडी, सगीता सामड, पोनाइ सवैया, चैतन्य पुरती, मंगल दोंगो, जमुना बोदरा सहित कई सदस्य उपस्थित थे।



