
चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने इचागढ़ विधायक सविता महतो की उपस्थिति में कुकड़ू प्रखंड के तिरुलडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और चिकित्सा पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
*स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के निर्देश*
उपायुक्त ने चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर, रात्रीकालीन ड्यूटी के अनुपालन, एएनएम की संख्या और स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने मानव संसाधन का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील सेवा प्रदान करने की बात कही।
उपायुक्त ने चिकित्सकों से स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही समस्याएं, संसाधनों की आवश्यकता और सुविधाओं के विस्तार हेतु आवश्यक सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने मरीजों के प्रति सहयोगपूर्ण और मानवीय व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही ताकि लोगों का स्वास्थ्य केंद्रों में विश्वास और भागीदारी दोनों में वृद्धि हो।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल विकास कुमार राय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



