पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में तुलसी पूजन व मालवीय–वाजपेयी जयंती समारोह आयोजित

चांडिल, 24 दिसंबर : पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, खूंटी में तुलसी माता की पूजा के साथ-साथ महामना मदन मोहन मालवीय एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार पांडा एवं मातंगिनी दीदी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन, पुष्प अर्पण एवं माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने तुलसी माता पर आधारित मनमोहक भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा महामना मदन मोहन मालवीय एवं अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों का प्रदर्शन किया गया तथा उनके जीवन पर निबंध एवं विचार प्रस्तुत किए गए। साथ ही सभी ने अपने-अपने घरों के आंगन में तुलसी का पौधा लगाने का संकल्प दोहराया।
प्रधानाचार्य अशोक कुमार पांडा ने अपने संबोधन में कहा कि तुलसी का पौधा पर्यावरण को शुद्ध करता है, चौबीसों घंटे ऑक्सीजन प्रदान करता है तथा यह औषधीय गुणों से भरपूर है। भारतीय संस्कृति में तुलसी माता का विशेष महत्व है, जिसकी पूजा प्रत्येक घर में की जाती है।उन्होंने महामना मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन रिंकी तंतुवाय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संजय कुमार साहू द्वारा किया गया। इस अवसर पर भास्कर महतो, सचिन मंडल, काली चरण प्रामाणिक, कल्पना प्रामाणिक, गीता देवी, माधुरी दास सहित अन्य शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।



