भारी बारिश और डायरिया की दोहरी मार झेल रहा है तुलिन गांव, तीन मकान ढहे, कई बीमार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

भारी बारिश और डायरिया की दोहरी मार झेल रहा है तुलिन गांव, तीन मकान ढहे, कई बीमार

चांडिल, 15 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के दलमा पहाड़ी की तराई में बसे चांडिल प्रखंड के तुलिन गांव के लोग इन दिनों प्राकृतिक विपदाओं की दोहरी मार झेलने को मजबूर हैं। एक ओर जहां गांव के 15 से 17 आदिवासी डायरिया जैसी गंभीर बीमारी की चपेट में हैं, वहीं दूसरी ओर सोमवार को हुई मूसलधार बारिश ने तीन कच्चे घरों को जमींदोज कर दिया।

बारिश के कारण गांव के बुद्धेश्वर सिंह, चैतन सिंह और सोनू सिंह के मिट्टी से बने घर भरभरा कर गिर पड़े। गनीमत रही कि घटना के वक्त घरों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई। हालांकि, घरों के पूरी तरह से ध्वस्त हो जाने से पीड़ित परिवारों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

घटना की सूचना मिलने पर मुखिया करुणा सिंह पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचीं और उन्हें यथासंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। पीड़ितों ने प्रशासन से अविलंब पक्का मकान निर्माण की व्यवस्था और मुआवजा राशि की मांग की है।

वहीं, गांव में फैले डायरिया को लेकर ग्रामीणों में डर का माहौल है। कई लोग बीमार हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में नियमित मेडिकल टीम भेजकर उपचार करने की मांग की है।

तुलिन गांव की स्थिति गंभीर है। जरूरत है कि प्रशासन अविलंब राहत कार्य शुरू करे, ताकि ग्रामीणों को इस आपदा से उबारा जा सके।

Share This Article