रांची-आद्रा रेल मंडल को बड़ी सौगात : तीन नए यात्री ठहराव स्टेशनों को मंजूरी

पुरुलिया,14 फरवरी : रांची एवं आद्रा रेल मंडल के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से तीन नए यात्री ठहराव स्टेशनों को मंजूरी प्रदान की गई है। इस संबंध में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो को पत्र लिखकर स्वीकृति की जानकारी दी है।
बताया गया है कि क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या, छात्रों एवं दैनिक यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। स्वीकृत ठहराव स्टेशनों में सुईसा और तोरांग रेलवे स्टेशनों के बीच रंगामाटी यात्री ठहराव, पुरुलिया और गोरीनाथ धाम रेलवे स्टेशनों के बीच सिद्धू-कान्हू विश्वविद्यालय के समीप यात्री ठहराव तथा राधागांव और पुन्दाग रेलवे स्टेशनों के बीच सीधी जामरा यात्री ठहराव शामिल हैं।
इन नए ठहराव स्टेशनों के प्रारंभ होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों तथा रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेल मंत्री और सांसद के प्रति आभार जताया है।



