आज “दिशा” की बैठक में गूंजेगा नरसिंह इस्पात लिमिटेड का मुद्दा

चांडिल, 30 अगस्त: सरायकेला-खरसावां जिला समाहरणालय में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई है। बैठक में रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ, खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, सिंहभूम सांसद जोबा मांझी, पूर्व मुख्यमंत्री सह सरायकेला विधायक चंपई सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक दशरथ गागराई, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं दिशा कमिटी के सदस्य उपस्थित रहेंगे।
बैठक में जहां जिले में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा और क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा की जानी है, वहीं नरसिंह इस्पात लिमिटेड कंपनी का मुद्दा खास तौर पर गूंजने की संभावना है। बताया जा रहा है कि जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और उपाध्यक्ष मधुश्री महतो कंपनी के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में हैं। उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि बैठक में वे कंपनी के “काले कारनामों” को उजागर करेंगे और उस पर कार्रवाई की मांग रखेंगे।
नरसिंह इस्पात लिमिटेड पर आरोप है कि कंपनी अपने मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी, सुरक्षा उपकरण, पीएफ, ईएसआई जैसी बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध नहीं करा रही है। इसके अलावा वन भूमि पर अवैध कब्जा करने और सिंचाई नहर से गैर कानूनी रूप से पानी उपयोग करने का मामला भी दिशा बैठक में जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी है। वहीं, स्थानीय स्तर पर सीएसआर फंड की राशि से ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, सड़क इत्यादि की सुविधाएं नहीं दी जाती हैं।
दिशा कमिटी के अन्य सदस्यों ने भी संकेत दिए हैं कि वे इस मुद्दे को उठाएंगे। ऐसे में उम्मीद है कि आज की बैठक में नरसिंह इस्पात लिमिटेड का मामला गरमाने वाला है।



