
रांची, 26 मार्च : राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी में गुरुवार को क्रिकेट खेलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। छात्रों के दो गुटों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट, पत्थरबाजी और फायरिंग तक पहुंच गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद दोनों पक्षों के समर्थन में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और जमकर एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए। इसी दौरान फायरिंग की भी घटना हुई। स्थानीय लोगों का दावा है कि करीब छह राउंड गोलियां चलाई गईं, जबकि पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की पुष्टि की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सिटी एसपी ने बताया कि मारपीट और पत्थरबाजी में कुछ लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल से कई खोखे भी बरामद किए गए हैं, जिससे फायरिंग की पुष्टि होती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।



