गुरुद्वारा बंगला साहिब में रामदास सोरेन के स्वास्थ्य लाभ के लिए की गई प्रार्थना, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और कुणाल षाड़ंगी हुए शामिल

Manbhum Updates
2 Min Read

गुरुद्वारा बंगला साहिब में रामदास सोरेन के स्वास्थ्य लाभ के लिए की गई प्रार्थना, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और कुणाल षाड़ंगी हुए शामिल

नई दिल्ली/रांची, 03 अगस्त : झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के बीच राज्य भर में उनके जल्द स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं। इस क्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी रविवार को दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा बंगला साहिब पहुंचे और मंत्री रामदास सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की।

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा, “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह! आज गुरुद्वारा बंगला साहिब में भाई कुणाल षाड़ंगी संग शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और मंत्री रामदास सोरेन जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की अरदास की। गुरुग्रंथ साहिब के पवित्र शब्दों ने मन को अद्भुत शांति दी और आत्मा को सच्ची ऊर्जा प्रदान की।”

उन्होंने आगे कहा कि “वाहेगुरु जी से प्रार्थना है कि मंत्री महोदय जल्द स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में जुटें और झारखंडवासियों के जीवन में सुख, शांति और सेवा का भाव बना रहे।”

वहीं, पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि “मंत्री रामदास सोरेन के अस्वस्थ होने से समूचा झारखंड चिंतित है। हम सभी ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं कि उन्हें शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ हो। मैं झारखंडवासियों से अपील करता हूँ कि धैर्य बनाए रखें और अपनी दुआओं में मंत्री रामदास सोरेन को शामिल करें।”

उल्लेखनीय है कि मंत्री रामदास सोरेन को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के कारण हाल ही में एयरलिफ्ट कर नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वे फिलहाल लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर हैं। राज्य के अनेक मंत्री, विधायक और नेता इस समय दिल्ली में मौजूद हैं और अस्पताल में लगातार जानकारी ले रहे हैं।

प्रदेश भर में मंत्री सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बनी हुई है और लगातार पूजा-पाठ व प्रार्थनाओं का दौर जारी है।

Share This Article