लापता युवती टुसुमणी सिंह सरदार सकुशल मिली, चाईबासा बस स्टैंड पर लोगों की सतर्कता से मिली मदद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

लापता युवती टुसुमणी सिंह सरदार सकुशल मिली, चाईबासा बस स्टैंड पर लोगों की सतर्कता से मिली मदद

चांडिल ,5 अगस्त : कुछ दिनों से लापता काठजोड़ (चांडिल) निवासी युवती टुसुमणी सिंह सरदार को आखिरकार स्थानीय लोगों की सजगता और मानवीय सहयोग से चाईबासा बस स्टैंड पर सकुशल बरामद कर लिया गया।

सोमवार सुबह करीब 8 बजे टुसुमणी ने किसी महिला मजदूर के मोबाइल से अपने परिजनों को कॉल कर गम्हरिया थाना (सरायकेला-खरसावां) के मुख्य गेट के पास होने की जानकारी दी थी। इसके बाद से उसका कोई अता-पता नहीं चल पा रहा था, जिससे परिवार में चिंता और तनाव का माहौल था।

परिजनों की ओर से ManbhumUpdates.com और सोशल मीडिया के माध्यम से युवती के संबंध में मदद की अपील की गई थी। इसी बीच, गम्हरिया क्षेत्र के कुछ जागरूक नागरिकों ने युवती को चाईबासा जाने वाली बस में सवार होते देखा। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए परिजनों को इसकी सूचना दी और चाईबासा बस स्टैंड पर मौजूद अपने परिचितों से संपर्क किया।

जब युवती बस से चाईबासा बस स्टैंड पर उतरी, तो वहां मौजूद लोगों ने उसे रोककर वीडियो कॉल के माध्यम से उसकी पहचान की पुष्टि कराई। इसके बाद टुसुमणी के परिजन तुरंत चाईबासा पहुंचे और उसे सुरक्षित अपने साथ ले आए।

युवती की शारीरिक स्थिति फिलहाल कमजोर है और उसे चांडिल लाकर एक स्थानीय क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कराया जा रहा है।

परिजनों ने उन सभी लोगों का दिल से आभार जताया है जिन्होंने इस संकट की घड़ी में सहायता की, सूचना दी और एक बड़ी अनहोनी को टालने में मददगार बने।

मानवता और सामाजिक जागरूकता की यह मिसाल समाज के लिए प्रेरणास्पद है। कृपया ऐसे मामलों में सतर्क रहें और ज़रूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।

Share This Article