महाशिवरात्रि पर चांडिल में उमड़ी आस्था की लहर, बूढ़ा बाबा शिव मंदिर में भक्तों की लंबी कतार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

महाशिवरात्रि पर चांडिल में उमड़ी आस्था की लहर, बूढ़ा बाबा शिव मंदिर में भक्तों की लंबी कतार

चांडिल, 15 फरवरी : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में चारों ओर उल्लास और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। इस अवसर पर चांडिल प्रखंड के जयदा स्थित प्राचीनकालीन ऐतिहासिक बूढ़ा बाबा शिव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही अपने आराध्य देव भगवान शिव के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही।

मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही और गंगाजल अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। कई स्थानों पर रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का आयोजन किया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।

मंदिरों को रंग-बिरंगी विद्युत सज्जा और फूल-मालाओं से आकर्षक रूप दिया गया है। बूढ़ा बाबा शिव मंदिर में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर पूरे अनुमंडल में भक्ति और आस्था की अविरल धारा प्रवाहित होती नजर आ रही है।

Share This Article