हाथियों का कहर : एक रात में उजड़ गया रोजगार, खेतों में बर्बादी से किसानों में गुस्सा

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

रांची, 31 मार्च : जिले के राहे प्रखंड के दुल्मी गांव में मंगलवार की अहले सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने ऐसा तांडव मचाया कि एक परिवार का रोजगार पूरी तरह तबाह हो गया, वहीं दर्जनों किसानों की मेहनत भी मिट्टी में मिल गई।

जानकारी के अनुसार, हाथियों के झुंड ने गांव निवासी सुधीर प्रसाद कोईरी के पोल्ट्री फार्म को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। देखते ही देखते उनका पूरा व्यवसाय बर्बाद हो गया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

इतना ही नहीं, हाथियों ने आसपास के खेतों में घुसकर तैयार सब्जी फसलों को भी रौंद डाला। ग्रामीणों के मुताबिक लखीन कोईरी समेत कई किसानों की करीब 10 एकड़ में लगी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लोग रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं, ताकि फिर से हाथियों का झुंड गांव में प्रवेश न कर जाए।

इधर, लगातार हो रहे नुकसान को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग और जिला प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस और स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा देने के साथ-साथ हाथियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Share This Article