कृषि योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कृषि योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

सरायकेला, 24 सितंबर : समाहरणालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि एवं सम्बद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार विभिन्न माध्यमों से किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को लाभ मिल सके।

बैठक में उपायुक्त ने कृषि विभाग को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) पंजीकरण लक्ष्य पूरा करने हेतु पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने, मुख्यमंत्री कृषि ऋण माफी योजना से वंचित किसानों का शीघ्र e-KYC कराने, गुणवत्तापूर्ण बीज वितरण सुनिश्चित करने और लंबित डीप बोरिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को मिट्टी परीक्षण कर भूमि की उर्वरता के अनुरूप खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

उद्यान विभाग को शिमला मिर्च, अदरक, स्ट्रॉबेरी, केला, फूलों की खेती और मधुमक्खी पालन जैसे लाभकारी कार्यक्रमों से किसानों को जोड़ने का निर्देश दिया गया। पशुपालन एवं गव्य विकास विभाग को चयनित लाभुकों के बीच शीघ्र पशु वितरण करने और लंबित आवेदनों का निपटारा करने का आदेश दिया गया।

भूमि संरक्षण विभाग को तालाब जीर्णोद्धार, डीप बोरिंग और कृषि सहायक उपकरण जैसे ट्रैक्टर-पंपसेट वितरण में तेजी लाने को कहा गया। वहीं, सहकारिता विभाग को फसल बीमा योजना के अधिकतम लाभुक जोड़ने, सभी लैम्प को डिजिटल मोड पर लाने और धान अधिप्राप्ति केंद्रों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि जिले के पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंच सके।

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी नीलकमल, जिला मत्स्य पदाधिकारी रौशन कुमार, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, गव्य विकास पदाधिकारी और भूमि संरक्षण पदाधिकारी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article