Big breaking : चांडिल में पटरी से उतरी गुड्स ट्रेन के डिब्बे विपरीत दिशा से आ रहे ट्रेन से टकराया, बड़ा रेल हादसा टला

चांडिल, 09 अगस्त : आद्रा रेल मंडल के चांडिल जंक्शन स्टेशन के समीप शनिवार की सुबह दो गुड्स ट्रेन हादसे का शिकार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार टाटानगर की ओर से पुरुलिया की ओर डाउन लाइन पर जा रही आयरन लदा गुड्स ट्रेन चांडिल स्टेशन पार करने के पश्चात पटरी से उतर गई। पटरी से उतरे ट्रेन के डब्बे विपरीत दिशा से आ रही दूसरी गुड्स ट्रेन के डब्बे से टकराई जिसके कारण विपरीत दिशा से आ रही ट्रेन के कई डिब्बे भी पटरी से उतर गए। घटना देर रात 2:45 बजे की बताई जा रही है। घटनास्थल पर रेलवे की बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं रेस्क्यू टीम पहुंच चुकी है। हालांकि घटना कैसे घटी इसका खुलासा नहीं हो सका है।

स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया सुबह-सुबह एक मालगाड़ी चांडिल स्टेशन पारकर पुरुलिया की ओर जा रही थी। इस दौरान अचानक ट्रेन में ज़ोरदार गड़गड़ाहट की आवाज आई। आवाज सुनकर लोग उस ओर देखने के लिए दौड़ पड़े। यह घटना पितकी रेलवे गेट और स्टेशन के बीच घटी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन अगर गुड्स ट्रेन के बदले कोई यात्री ट्रेन होती तो जान माल की बड़ी क्षति हो सकती थी। घटना में किसी तरह के हताहत नहीं हुआ है, हालांकि रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं और घटना की जांच शुरू हो चुकी है। इस दुर्घटना के बाद रांची एवं पुरुलिया दोनों ही मार्ग पर रेल परिचालन पूरी तरह से ठप हो गया है।



