घायल होकर सड़क किनारे तड़प रहे व्यक्ति के लिए मददगार बने आकाश महतो
चांडिल, 04 अक्टूबर : सरायकेला खरसावां जिले के चौका मोड़ पर हादसे के बाद घायल अवस्था में दर्द से कराह रहे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति के लिए भाजपा युवा नेता आकाश महतो और स्थानीय दुकानदारों की पहल राहत लेकर आई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल व्यक्ति के बाएं हाथ की दोनों हड्डियां टूट गई थीं और वह काफी देर से मदद की आस में था।
स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, घायल व्यक्ति अक्सर चौका मोड़ स्थित दुकानों के आसपास बिखरे कचरे को अपने स्तर से उठाकर सफाई करता था। वह बिना किसी अपेक्षा के बाजार और आसपास के इलाके को स्वच्छ रखने में योगदान देता रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर आकाश महतो तत्काल चौका मोड़ पहुंचे। उन्होंने घायल की स्थिति देखी और उसके इलाज के लिए प्रशासन से संपर्क कर सहायता मांगी, लेकिन तत्काल मदद उपलब्ध नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने स्थानीय स्तर पर ही घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की।
स्थानीय दुकानदार रहमान, बाजार समिति के अध्यक्ष बसंत प्रमाणिक और अन्य दुकानदारों के सहयोग से टेंपो स्टैंड के एक चालक के टेंपो से घायल व्यक्ति को खूंटी स्थित चिकित्सक डॉ. गदाधर गोराई के पास ले जाया गया। चिकित्सकीय जांच और एक्स-रे में उसके बाएं हाथ की दोनों हड्डियों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
डॉ. गदाधर गोराई ने तत्काल उपचार करते हुए घायल के हाथ में प्लास्टर किया और आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराईं। आकाश महतो ने चिकित्सक के इस मानवीय प्रयास के लिए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” समाज में जो लोग किसी न किसी रूप में दूसरों की मदद करते हैं, उनके मुश्किल समय में साथ खड़ा होना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति लंबे समय से अपने स्तर पर बाजार की सफाई में योगदान देता रहा है, इसलिए संकट की घड़ी में उसकी मदद करना सभी का दायित्व था।
आकाश महतो ने इस कार्य में सहयोग करने वाले रहमान, बसंत प्रमाणिक, टेंपो स्टैंड के चालक और स्थानीय दुकानदारों के प्रति भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और असहाय लोगों की सहायता के लिए सेवा का यह प्रयास आगे भी जारी रहेगा।



