तीन साल में बदहाल हो गई आगसिया-देवलटांड सड़क, परेशानी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

तीन साल में बदहाल हो गई आगसिया-देवलटांड सड़क, परेशानी

ईचागढ़, 23 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के रांगामाटी – टीकर सड़क के आगसिया से जिलिंगआदर भाया देवलटांड सड़क बदहाल स्थिति में है। उक्त सड़क पर सफर करना लोगों के लिए अब परेशानी का सबब बन गया है। यहां रोज कोई ना कोई वाहन सड़क पर बने गड्ढों में फंस रहा है। उक्त सड़क का निर्माण वित्तीय वर्ष 2022-23 में किया गया था। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित सड़क देवलटांड गांव के बगान के पास सड़क की स्थिति बदहाल हो गई है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने के कारण ग्रामीणों को उक्त सड़क पर आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बालू लदे वाहनों का होता है परिचालन

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बालू लदे ट्रैक्टरों की भेंट चढ़ गया है। आवागमन करने वालों ने बताया कि तीन साल के अंदर सड़क के बदहाल होने का प्रमुख कारण बालू लदे ट्रैक्टरों का परिचालन भी है। उक्त सड़क पर आगसिया की ओर से देवलटांड होते हुए रड़गांव की ओर अनगिनत ट्रैक्टरों का बालू लेकर परिचालन किया जाता हैं। वहीं औचक निरीक्षण के दौरान बालू लदे हाइवा जांच से बचने के लिए इस सड़क पर बगान क्षेत्र तक छुपने के लिए आ जाते हैं। ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों का लगातार परिचालन होने से सड़क की स्थिति धीरे-धीरे बदहाल होती गई। अब बारिश के बाद सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।

लोगों ने मरम्मत करने की लगाई गुहार

देवलटांड, जिलिंगआदर समेत आसपास के ग्रामीणों ने उक्त सड़क की मरम्मत जल्द कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द मरम्मत नहीं होने से मुसीबत बढ़ती जाएगी और यह समस्या विकराल रूप धारन कर लेगा। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के निर्माण के दौरान यहां किसी प्रकार का बोर्ड नहीं लगाया गया था। जिसके कारण ग्रामीणों को इस बात की जानकारी नहीं है कि सड़क का मरम्मत कराने की जिम्मेदारी किसकी है। सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता की निगरानी भी नहीं हो सका था। इस मामले को लेकर कई बार संबंधित पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से बात की गई थी, लेकिन आखिर तक बोर्ड नहीं लगाया गया।

Share This Article