दलभंगा में आदिवासी वेलफेयर ट्रस्ट का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफल

Manbhum Updates
2 Min Read

स्वास्थ्य ही सबसे बड़ी पूंजी : अर्जुन मुंडा

दलभंगा में आदिवासी वेलफेयर ट्रस्ट का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफल

सरायकेला, 21 सितंबर : आदिवासी वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान में रविवार को कुचाई प्रखंड के दलभंगा हाई स्कूल मैदान में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित हुआ। सैकड़ों ग्रामीणों ने जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया।

शिविर में नेत्र रोग से पीड़ित कई मरीजों का चयन किया गया, जिनका निःशुल्क ऑपरेशन सोमवार को पूर्णिमा नेत्रालय में कराया जाएगा।

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि “स्वास्थ्य ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। नियमित जांच, संतुलित आहार और स्वच्छता ही खुशहाल जीवन की कुंजी है।”

ट्रस्ट के सचिव डॉ. अभिषेक मुंडा ने बताया कि यह पहला स्वास्थ्य शिविर है। उन्होंने कहा कि सेवा कार्य की प्रेरणा उन्हें अपने पिताजी से मिली है और लक्ष्य है कि ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों में नियमित शिविर आयोजित हों।

रांची से पहुँची विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम में डॉ. एस.के. पाल, डॉ. अनुपम कुमार सिंह, डॉ. एस.एन. मुखर्जी, डॉ. विजय अग्रवाल और डॉ. रवि दौलत शामिल रहे। पूर्णिमा नेत्रालय से बिपिन कुमार व उनकी टीम ने भी सेवाएँ दीं।

शिविर की सफलता में लोयोला स्कूल, जमशेदपुर की छात्रा एवं संयोजक सुश्री माधवी जवानपुरिया का विशेष योगदान रहा, जो तीन महीने से तैयारियों में जुटी थीं।

विशिष्ट अतिथियों में डॉ. मीरा मुंडा, भाजपा जिला अध्यक्ष उदय सिंहदेव, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष विजय महतो, रामनाथ महतो एवं बॉबी सिंह शामिल रहे।

Share This Article