जमशेदपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ का आगाज़, पूजा पंडालों से पुष्प कचरा उठाने विशेष वाहन बेड़ा रवाना

Manbhum Updates
2 Min Read

जमशेदपुर में ‘स्वच्छता ही सेवा 2025’ का आगाज़, पूजा पंडालों से पुष्प कचरा उठाने विशेष वाहन बेड़ा रवाना

जमशेदपुर, 17 सितम्बर : जमशेदपुर में “स्वच्छता ही सेवा 2025” अभियान का शुभारंभ जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और उप नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) कृष्ण कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर दोनों अधिकारियों ने मंदिरों और पूजा पंडालों से पुष्प कचरा संग्रहण के लिए तैयार किए गए 8 विशेष वाहनों के बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी मात्रा में पुष्प कचरा निकलता है। इन वाहनों के माध्यम से उसका वैज्ञानिक प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि इन वाहनों से इकट्ठा किए गए पुष्प कचरे का उपयोग खाद बनाने और अन्य पुनर्चक्रण योग्य संसाधनों के रूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल शहर को स्वच्छ रखने के साथ ही अपशिष्ट प्रबंधन में एक नया मॉडल पेश करेगी।

कार्यक्रम में टाटा UISL के महाप्रबंधक आर.के. सिंह, सहायक नगर आयुक्त, विशेष पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, स्वच्छता निरीक्षक एवं स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर मौजूद थे। अधिकारियों ने जानकारी दी कि दुर्गा पूजा के दौरान सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए विशेष दल और अतिरिक्त वाहनों की तैनाती की गई है।

जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस महाअभियान में सहयोग करें तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके निर्धारित वाहनों को ही सौंपें।

Share This Article