शिक्षा को नई दिशा देने की पहल : जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कुकडू प्रखंड में महाविद्यालय स्थापना की मांग की

Manbhum Updates
3 Min Read

शिक्षा को नई दिशा देने की पहल : जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कुकडू प्रखंड में महाविद्यालय स्थापना की मांग की

चांडिल, 14 सितंबर : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में उच्च शिक्षा को नई दिशा देने की पहल शुरू हो गई है। जिला परिषद उपाध्यक्ष सह स्वास्थ्य एवं शिक्षा समिति की अध्यक्ष मधुश्री महतो ने झारखंड सरकार से मांग की है कि प्रस्तावित महाविद्यालय को कुकडू प्रखंड में स्थापित किया जाए।

श्रीमती महतो ने उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के मंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि वर्तमान समय में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र में केवल चांडिल प्रखंड में एक महाविद्यालय है। नीमडीह, ईचागढ़ और कुकडू प्रखंड के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। चांडिल कॉलेज लगभग 55 किलोमीटर और जिला मुख्यालय 100 किलोमीटर दूर होने के कारण अनेक छात्र बीच में ही पढ़ाई छोड़ने को विवश हो जाते हैं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कुकडू प्रखंड की भौगोलिक स्थिति, यातायात सुविधा, बैंक, पोस्ट ऑफिस, प्रखंड एवं पंचायत कार्यालय और रेलवे स्टेशन की उपलब्धता इसे महाविद्यालय स्थापना के लिए सर्वाधिक उपयुक्त बनाती है। साथ ही, सुवर्णरेखा बहुद्देशीय परियोजना का होना इस क्षेत्र की महत्ता को और बढ़ाता है।

जिला परिषद उपाध्यक्ष की पहल का जनता ने की सराहना

क्षेत्र की जनता ने जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की इस पहल का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि उपाध्यक्ष लगातार शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए प्रयासरत रहती हैं और समय-समय पर सरकार तक आम जनता की भावनाओं को पहुँचाने का काम करती हैं।

स्थानीय बुद्धिजीवियों ने कहा कि मधुश्री महतो ने इस मुद्दे को उठाकर पूरे इलाके के छात्र-छात्राओं के भविष्य की चिंता की है। यह उनकी सजगता और क्षेत्र के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

शिक्षा के प्रति गंभीर, विद्यार्थियों को मिले हर सुविधा

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो का कहना है कि शिक्षा ही समाज को बदलने का सबसे सशक्त माध्यम है। यदि कुकडू प्रखंड में महाविद्यालय की स्थापना होती है तो न केवल छात्रों को उच्च शिक्षा सुलभ होगी, बल्कि यहां की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि वे प्रयासरत हैं कि क्षेत्र में विद्यार्थियों को हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराई जाए।

श्रीमती महतो ने मंत्री से आग्रह किया है कि क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित महाविद्यालय कुकडू में ही स्थापित किया जाए।

Share This Article