सरायकेला में महिला सुरक्षा जागरूकता अभियान, 450 से अधिक महिलाएं हुईं लाभान्वित

सरायकेला, 12 सितम्बर : सरायकेला-खरसावां पुलिस द्वारा महिला अपराध नियंत्रण, रोकथाम और सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने किया, जबकि महिला थाना प्रभारी एसआई कुमारी तिलोत्मा भी मौजूद रहीं।
अभियान उषा नर्सिंग कॉलेज और नगरपालिका ओडिशा मध्य विद्यालय सरायकेला में आयोजित किया गया। इस दौरान करीब 450 महिलाओं और छात्राओं को महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, डायल-112 और साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930 से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं के हित में बने कानूनी प्रावधानों और अधिकारों की भी विस्तृत जानकारी साझा की गई।

जागरूकता अभियान में एएसआई नंदिता बिरुआ और कांस्टेबल नीलम सिंकू भी उपस्थित रहीं।



