रंगदारी को लेकर फायरिंग, युवक गंभीर – कपाली पुलिस की लापरवाही से अपराधियों के हौसले बुलंद
चांडिल, 7 सितम्बर : जमशेदपुर के बाद अब उससे सटे कपाली क्षेत्र में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है और पुलिस अपराधियों पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। शनिवार देर रात कपाली ओपी क्षेत्र में रंगदारी विवाद को लेकर फायरिंग की बड़ी वारदात सामने आई। इस हमले में प्रिंस नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों की मदद से टाटा मुख्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिजनों का आरोप है कि इलाके के बदमाश सूरज, इरफान और आफरीदी ने प्रिंस से रंगदारी की मांग की थी। विरोध करने पर आरोपियों ने तीन राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से एक गोली सीधे प्रिंस को लगी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस पर गंभीर सवाल
इस सनसनीखेज घटना ने कपाली पुलिस की कार्यशैली पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्र में लगातार रंगदारी और आपराधिक घटनाओं के बावजूद पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र पूरी तरह से नाकाम दिखाई दे रहा है। अपराधी खुलेआम हथियार लहराकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जबकि थाना पुलिस सिर्फ कागजी कार्रवाई में मशगूल नजर आ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कपाली क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दबदबे के पीछे पुलिस की ढिलाई और मिलीभगत जिम्मेदार है। बार-बार शिकायतों के बावजूद पुलिस ने कभी सख्त कदम नहीं उठाया, जिसका नतीजा है कि अब आम नागरिक गोलियों का शिकार हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि हाल ही में जमशेदपुर में लूट की दो बड़ी घटना हुई, इसके बावजूद कपाली पुलिस सक्रिय नहीं हुई, जिसका परिणाम यह है कि शनिवार रात को गोली चालन की घटना को अपराधियों ने अंजाम दिया है।
कार्रवाई का आश्वासन, लेकिन भरोसा कम
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करने का दावा किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही जा रही है। लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सब औपचारिकता मात्र है। पुलिस जब तक अपनी लापरवाही छोड़कर सख्त रवैया नहीं अपनाएगी, तब तक अपराधियों के हौसले और बढ़ते रहेंगे।