Big Breaking : जमशेदपुर में अपराधियों का तांडव – एक दिन पहले सोनारी में ज्वेलरी दुकान पर डकैती, आज बिष्टुपुर में व्यापारी से 30 लाख की लूट

जमशेदपुर, 4 सितंबर : शहर में अपराधियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सोनारी थाना क्षेत्र के वर्धमान आभूषण दुकान में दिनदहाड़े हुई डकैती और दुकानदार पर गोली चलाने की घटना के अगले ही दिन गुरुवार को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में फिर से बड़ी वारदात घटित हो गई। गुरुवार दोपहर लगभग 1:30 बजे स्कूटी से एचडीएफसी बैंक में रुपये जमा करने जा रहे व्यापारी साकेत पर इनोवा कार से पहुंचे अपराधियों ने फायरिंग कर 30 लाख रुपये लूट लिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक व्यापारी जब बिष्टुपुर गुरुद्वारा बस्ती से गुजर रहे थे, तभी अपराधियों ने पहले उनकी आंख में लाल मिर्च डाल दी और फिर गोली चलाकर नकदी लूट ली। गनीमत रही कि व्यापारी बाल-बाल बच गए। घटना के बाद अपराधी आदित्यपुर की ओर भाग निकले। सूचना पाकर डीएसपी, थाना प्रभारी के साथ विधायक सरयू राय तथा सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
गौरतलब है कि ठीक एक दिन पहले बुधवार को सोनारी थाना क्षेत्र में वर्धमान आभूषण दुकान में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। विरोध करने पर दुकानदार पंकज को सिर में गोली मार दी गई थी। फिलहाल वह अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं।
लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी घटनाओं से जमशेदपुर के कारोबारी वर्ग और आम लोग दहशत में हैं। अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि दिनदहाड़े बीच शहर में वारदात को अंजाम देकर वे आसानी से फरार हो जा रहे हैं। पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती बन चुकी है।


