परंपरागत रीति रिवाज निभाने विधायक कल्पना और सीएम की माँ पहुंची चांडिल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

परंपरागत रीति रिवाज निभाने विधायक कल्पना और सीएम की माँ पहुंची चांडिल

चांडिल, 30 अगस्त : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का परिवार शनिवार को परंपरागत रीति-रिवाज निभाने चांडिल प्रखंड के धातकीडीह स्थित ननिहाल (मामा घर) पहुंचा। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन तथा उनकी माता रूपी सोरेन इस अवसर पर मौजूद रहीं। उनके आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई थी।

आदिवासी समाज की परंपरा के अनुसार, घर में किसी सदस्य के निधन के बाद श्राद्धकर्म संपन्न होने के पश्चात मृतक की पत्नी अपने बच्चों के साथ मायके जाकर कम से कम एक रात बिताती है। इसे संथाली में “जिवी राडेज” कहा जाता है, जिसका उद्देश्य मृत आत्मा की शांति के लिए पारिवारिक रस्म निभाना है। इसी परंपरा के निर्वाह हेतु दिवंगत झारखंड आंदोलनकारी एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन अपने पुत्रवधु कल्पना सोरेन के साथ धातकीडीह स्थित मायके पहुंचीं।

इस परंपरा के निर्वहन को स्थानीय लोगों ने झारखंडी संस्कृति की एक मिसाल बताया और इसे समाज में पारंपरिक मूल्यों को संजोए रखने की दृष्टि से महत्वपूर्ण करार दिया।

इस मौके पर सीएम के मामा गुरुचरण किस्कू, चारूचांद किस्कू, दिलीप किस्कू, बैधनाथ टुडू, धर्मु गोप, सुदामा हेम्ब्रम, राजू किस्कू, कासिम किस्कू, मोतीलाल सोरेन सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Share This Article