जमशेदपुर : राजद जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी की दबंगई, सर्विस सेंटर कर्मचारियों पर टूटा कहर, CCTV फुटेज में कैद मारपीट
जमशेदपुर, 30 अगस्त : जमशेदपुर में राजद के जिला अध्यक्ष शंभू चौधरी एक बार फिर अपनी दबंगई के कारण सुर्खियों में आ गए हैं। आरोप है कि उन्होंने डिमना के पास रूपाई डांगा नेशनल हाइवे स्थित महिंद्रा बालाजी सर्विस सेंटर में गाड़ी पार्किंग को लेकर जमकर उत्पात मचाया। गुस्से में बेकाबू होकर चौधरी ने सर्विस सेंटर के कर्मचारी दीपक महतो और बीच-बचाव करने पहुंचे नरेश हांसदा पर हमला बोल दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हुए और उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
सबसे हैरानी की बात यह है कि पूरी घटना सर्विस सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है। फुटेज सामने आने के बाद शंभू चौधरी के खिलाफ गुस्सा फूट पड़ा। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण भारी संख्या में सर्विस सेंटर पहुंच गए और राजद नेता की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
पीड़ित कर्मचारियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। शंभू चौधरी अक्सर गाली-गलौज करते हैं, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं और महिला कर्मचारियों को भी धमकी देकर अपमानित करते हैं। सर्विस सेंटर की महिला स्टाफ ने साफ कहा है कि वे चौधरी की दबंगई से परेशान हैं और कई बार डर के साये में काम करती हैं।
प्रबंधन ने भी अपने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए पुलिस प्रशासन से तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, एमजीएम थाना पुलिस ने पीड़ितों का आवेदन लिया है और जांच का भरोसा दिया है, लेकिन सवाल यह है कि क्या सत्ता का रसूख रखने वाले इस राजद नेता पर कड़ी कार्रवाई होगी या मामला हमेशा की तरह ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा?
जमशेदपुर की जनता अब खुलकर पूछ रही है – क्या नेता होने का मतलब है कानून से ऊपर होना?


