चांडिल : नरसिंह इस्पात विस्तार योजना की जनसुनवाई बनी विरोध सभा, ग्रामीणों ने किया विरोध – जिप अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने भी किया जनसुनवाई का बहिष्कार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल : नरसिंह इस्पात विस्तार योजना की जनसुनवाई बनी विरोध सभा, ग्रामीणों ने किया विरोध – जिप अध्यक्ष-उपाध्यक्ष ने भी किया जनसुनवाई का बहिष्कार

 

चांडिल, 29 अगस्त : खूंटी स्थित नरसिंह इस्पात लिमिटेड के विस्तार प्रस्ताव पर झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से शुक्रवार को निर्धारित जनसुनवाई औपचारिक रूप से तो दोपहर 12 बजे से शुरू हुई, लेकिन ग्रामीण इसमें शामिल नहीं हुए। इसके बजाय बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कंपनी गेट के बाहर विरोध प्रदर्शन कर अपना रोष जताया।

ग्रामीणों का कहना था कि कंपनी ने अब तक क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए कोई ठोस काम नहीं किया है। पंचायत समिति सदस्य परीक्षित महतो ने आरोप लगाया कि कंपनी ने पिछले 15 वर्षों में स्थानीय स्तर पर विकास कार्य नहीं किया और अब विस्तार की कवायद के बीच दिखावे के लिए जगह-जगह स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है और जर्जर सड़कों के गड्ढे कंपनी के कचरे से भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “कंपनी संचालन को लेकर ग्रामीणों को कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन कंपनी प्रबंधन स्पष्ट करे कि वह क्षेत्र के लोगों को क्या लाभ दे रही है और भविष्य में क्या लाभ देगी। केवल विस्तार कर मनमाने ढंग से काम करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

जनसुनवाई का माहौल पूरी तरह विरोध प्रदर्शन के साए में रहा। विरोध की तीव्रता को देखते हुए जनसुनवाई में पहुंचे जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा और उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने भी कार्यक्रम से दूरी बना ली और जनसुनवाई का बहिष्कार कर दिया।

इस तरह, नरसिंह इस्पात लिमिटेड की विस्तार योजना को लेकर आयोजित जनसुनवाई ग्रामीण विरोध के कारण अधूरी रह गई और कंपनी प्रबंधन को अपने पक्ष को लोगों के सामने रखने का अवसर नहीं मिल सका।

इस खबर से जुड़ी अपडेट के लिए जुड़े रहें MANBHUM UPDATES के साथ

Share This Article