जमशेदपुर : पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का संस्कार भोज आज, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर : पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का संस्कार भोज आज, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित कई दिग्गज होंगे शामिल

जमशेदपुर, 29 अगस्त : झारखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन का संस्कार भोज आज आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित फुटबॉल मैदान में संपन्न होगा। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ शामिल हो सकते हैं। साथ ही राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री, कई विधायक, विभिन्न दलों के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

विधायक मंगल कालिंदी ने लिया तैयारियों का जायजा

श्राद्धभोज की तैयारी को लेकर देर रात जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल, श्रद्धांजलि स्थल, अतिथि प्रतीक्षालय समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक कालिंदी ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए।

परिवार कर रहा है व्यक्तिगत रूप से व्यवस्था

स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन भी स्वयं तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। परिवार की ओर से श्रद्धांजलि स्थल और श्राद्धभोज स्थल पर विशेष सजावट की गई है। अनुमान है कि आज झारखंड के विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में राजनीतिक कार्यकर्ता और आमजन यहां पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना को देखते हुए झामुमो कार्यकर्ताओं की ओर से अलग से तैयारी की जा रही है। पार्टी स्तर पर कार्यकर्ताओं की तैनाती और आगंतुकों के स्वागत की व्यवस्था भी की गई है।

राजनीतिक हलकों में यह संस्कार भोज एक बड़े जुटान का केंद्र माना जा रहा है। विभिन्न दलों के नेता जहां रामदास सोरेन को श्रद्धांजलि देंगे, वहीं इस अवसर पर आपसी मुलाकातों से राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article