सरायकेला, 13 मई : सरायकेला-खरसावां उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार बुधवार को जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में सरायकेला अंचल अंतर्गत उगमा एवं राइडीह क्षेत्र में संचालित दो पत्थर खनन पट्टों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खनन पट्टों में सीमांकन, खनिज भंडारण एवं प्रेषण, पर्यावरणीय स्वीकृति (सीटीओ) अनुपालन सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों की गहन जांच की गई। जांच के क्रम में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित पट्टाधारियों के विरुद्ध विभागीय नियमानुसार नोटिस एवं मांगपत्र निर्गत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि जिले में अवैध खनन, खनिज भंडारण एवं अवैध परिवहन गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।